शहर के भवानी तोप सर्किल स्थित मिनी सचिवालय में सोमवार को तहसील कार्यालय शुरू हो गया। तहसीलदार पिंकी गुर्जर और कर्मचारियों ने पहले दिन नए भवन में कार्य किया और लोगों के कार्य निपटाए। नए भवन में शुरू हुए तहसील कार्यालय को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए अभी 5 और कमरों की जरूरत है। काशीराम चौराहे के पास स्थित पुराने भवन से अभी पुराने रिकार्ड को नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा है।
पहले दिन सोमवार को नए भवन में करीब 300 से ज्यादा लोग अपने कार्यों को लेकर पहुंचे। हालांकि पहला दिन था तो कर्मचारी भी रिकार्ड को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। तहसीलदार पिंकी गुर्जर का पहला दिन नए भवन में सुखद रहा। उन्होंने कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनी और उनका निस्तारण किया। तहसीलदार ने बताया कि कलेक्टर की ओर से तहसील कार्यालय के लिए 13 कमरे आवंटित कराए हैं, लेकिन ये कमरे तहसील के लिए कम पड़ रहे हैं। यहां 5 और कमरों की जरूरत पड़ेगी, जिससे पुराने रिकार्ड को भी व्यवस्थित तरीके से रखा जा सके।
जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील और सब रजिस्ट्रार कार्यालयों को भवन आवंटित किए गए हैं। पहले एक बार वे आवंटित भवन में व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट हो जाएं। अगर उन्हें अतिरिक्त भवन की जरूरत पड़ेगी तो प्रशासन के निर्देश पर अतिरिक्त कक्ष दिए जा सकते हैं। धीरे-धीरे सभी कार्यालय शिफ्ट किए जाने हैं। इसी कारण उन्हें जरूरत के मुताबिक ही कक्ष आवंटित किए जा रहे हैं।
- पीके जैन, अतिरिक्त मुख्य अभियंता यूआईटी
पुराने तहसील परिसर से शीघ्र शिफ्ट होंगे सब रजिस्ट्रार कार्यालय
पुराने तहसील परिसर से मिनी सचिवालय के नए भवन में सब रजिस्ट्रार कार्यालय भी शीघ्र शिफ्ट किए जाएंगे। प्रशासन के निर्देश पर यूआईटी की ओर से नए भवन में सब रजिस्ट्रार कार्यालयों के लिए 4 कक्ष आवंटित किए गए हैं। एक बार शिफ्ट होने के बाद जरूरत के मुताबिक और कक्ष आवंटित किए जा सकते हैं। स्टांप वेंडर और वसीका नवीसों के लिए प्लेट फार्म बना दिए गए हैं, जिससे वे वहां व्यवस्थित तरीके से बैठ सकें। अब इनके रिकार्ड और कार्यालयों को शीघ्र ही नए भ्ज्ञवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। अगले सप्ताह तक इन कार्यालयों का काम भी नए भवन में शुरू होने की उम्मीद है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें