दीपावली त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बिकने की आशंका के दृष्टिगत शुद्ध के लिए युद्ध अभियान 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक चलेगा। इस बार बड़े स्तर पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना देने या फिर पकड़वाने पर 51 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शुक्रवार को राज्य स्तरीय अधिकारियों ने पहले वीडियो काॅन्फ्रेसिंग से जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ अभियान के संचालन पर विचार-विमर्श किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, डेयरी आदि विभागों का सहयोग भी रहेगा। इसके बाद जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान के संचालन पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में जिला कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अभियान में जिले में खाद्य पदार्थ में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं मिलावटखोरों की सूचना देने वालों को राज्य सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। श्रीगंगानगर जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नहीं होने के कारण राज्य सरकार ने राहत देते हुए अभियान के लिए विशेष रूप से सीकर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी काे नियुक्त किया है। इस संबंध में कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने समस्त अधिकारियों को अभियान के तहत गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमएचओ डाॅ. गिरधारी लाल मेहरड़ा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के संचालन के लिए जिला स्तरीय प्रबंधन समिति एवं जांच दल का गठन किया गया है। त्योहारी सीजन को देखते हुए 14 नवंबर तक अभियान चलाकर मिलावट करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान की अवधि में मिलावटी खाद्य वस्तुएं बनाने वालों की सूचना देने वालों को सूचना सही पाए जाने पर 51 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस राशि का वितरण कलेक्टर द्वारा फूड टेस्टिंग लैब की सूचना के बाद निष्कर्ष प्रमाणित करते हुए दिया जाएगा।
निरीक्षण किया जाएगा और पैकेजिंग एक्ट में भी कार्रवाई होगी
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ पैकेजिंग व कमोडिटी एक्ट की पालना होने का भी पता लगाया जाएगा। पैक खाद्य पदार्थों पर वस्तु का विवरण, मूल्य, निर्माण व एक्सपायर होने की तारीख आदि की जानकारी अंकित है या नहीं, इसका निरीक्षण भी किया जाएगा। अगर ये जानकारियां नहीं होंगी तो विधिक माप अधिकारी विक्रेता के खिलाफ अलग केस दर्ज करेंगे। वीसी में कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा, एसपी राजन दुष्यंत, एडीएम प्रशासन डाॅ. गुंजन सोनी, सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा, डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. करन आर्य, डीएसओ राकेश सोनी आदि उपस्थित थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें