काेटा दक्षिण नगर निगम के लिए रविवार काे हुए चुनाव में बीजेपी के प्रदेश महामंत्री व रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर मतदान नहीं कर सके। वाेटर लिस्ट से उनका नाम गायब था। दिलावर सुबह पूरे परिवार के साथ रंगबाड़ी स्थित मदर टेरेसा स्कूल में वोट डालने पहुंचे, लिस्ट में उनके परिजनों का तो नाम था, लेकिन उनका नाम नहीं था। जबकि वे विधानसभा की कार्यवाही के बीच जयपुर से वोट डालने के लिए ही देर रात कोटा पहुंचे थे। जब नाम नहीं था तो परिजनों ने वोट डाला और दिलावर बिना वोट डाले ही लौट गए।


उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से यह सब हुआ। मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर मैं आश्चर्यचकित रह गया, जबकि इससे पहले मैंने जब अधिकारियों से पूछा था तो उन्होंने नाम होने की बात कही थी, इसलिए मैं आश्वस्त हो गया था। लेकिन मेरी भूल यह रही कि मैंने खुद सूची नहीं देखी। अधिकारियों के कहने पर विश्वास कर लिया। मेरा नाम पहले अपने पैतृक गांव बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में था, जहां से कटवाकर मैंने कोटा में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के लिए अधिकारियों को बोल दिया था।

कुछ वार्डों में मतदाता के पहुंचने से पहले ही पड़ गया वोट

कोटा दक्षिण नगर निगम चुनाव में कुछ ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें मतदान करने पहुंचे लोगों को बताया गया कि उनका वोट तो कोई और डालकर चला गया। हालांकि बाद में तय प्रक्रिया के तहत उनका मतदान कराया गया। वार्ड 27 श्रीनाथपुरम सी में रॉयल स्कूल पर बनाए गए बूथ पर पहुंची श्वेता शर्मा को पोलिंग कर्मियों ने कहा कि आपका वोट तो डल चुका, जब उन्होंने कहा कि मैंने वोट नहीं डाला, न ही मेरी अंगुली पर अमिट स्याही लगी है, इस पर पोलिंग पार्टी ने उच्चाधिकारियों से बात की और उनका वोट डलवाया गया। ऐसा ही वार्ड 19 अटवाल नगर में नूतन भारत स्कूल स्थित बूथ पर गायत्री राठौर के साथ हुआ।

उनके बेटे ने बताया कि माता-पिता वोट डालने गए तो वहां बताया गया कि गायत्री राठौर का वोट तो पहले ही डल चुका, इस पर पिता ने कहा कि हम तो वोट डालने ही अब आए हैं। अंगुली पर स्याही नहीं लगी थी, ऐसे में मतदान कर्मियों ने उनका वोट डलवा लिया। सवाल यह कि पहले उनकी जगह वोट कौन डालकर चला गया?

लाेकतंत्र की छाेटी से लेकर बड़ी इकाई मजबूत हाे : बिरला

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी मताधिकार का प्रयाेग किया। बूथ पर मीडियाकर्मियाें से बातचीत में बिरला ने कहा कि पंचायत से लेकर स्थानीय निकायों और संसद तक में हंगामे की प्रवृत्ति समाप्त होनी चाहिए। गांव में ग्राम पंचायत, शहरों में नगर पालिका और नगर निगम स्थानीय लोकतंत्र मजबूत हो, इसके लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। काेटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने दादाबाड़ी स्थित स्कूल में मताधिकार का प्रयाेग किया। संदीप ने कहा कि काेटा दक्षिण में भारी बहुमत के साथ बीजेपी का बाेर्ड बन रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Dilawar's name missing from the list of voters;
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top