शहर में डबोक एयरपोर्ट पर मॉक ड्रिल के पांच दिन बाद शनिवार को एक बार फिर प्रशासन ने आपदा प्रबंधन के लिए सेलिब्रेशन मॉल में पूर्वाभ्यास किया। हालांकि एयरपोर्ट पर प्लेन हाईजेक की सूचना पर प्रशासन हरकत में आया था वहीं मॉल में आग की सूचना पर पुलिस-अग्निशमन कर्मचारियों की परेड हो गई।


शनिवार सुबह 11 बजे सेलिब्रेशन मॉल के मैनेजमेंट को मॉल में आग लगने और 11-12 लोगों के फंसे होने की की सूचना मिली। इस पर मॉल मैनेजमेंट के हाथ-पांव फूल गए। मॉल के मैनेजर ऑपरेशन अमित जैमिनी के नेतृत्व में टीम ने आनन-फानन में मॉल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम को एक्टिवेट किया, लेकिन मॉल में कहीं भी आग की लपटें या धुआं दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में मॉल के फायरमैन इधर-उधर, ऊपर-नीचे दौड़ लगाते रहे। इसी दौरान सुबह 11.10 बजे एडीएम सिटी संजय कुमार और एएसपी सिटी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा मय जाब्ता माैके पर पहुंचे। मॉल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम को परखा।

मॉल से एमबी तक ट्रैफिक रोककर बनाया एंबुलेंस का रास्ता

अधिकारियों ने मॉल में पहुंचने के बाद मॉक ड्रिल करवाई। एंबुलेंस को घायलों को एमबी अस्पताल पहुंचाने की सूचना दी, लेकिन वो करीब 18 मिनट बाद पहुंची। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने एंबुलेंस पायलट को फटकार लगाई, लेकिन वह देर से आने का कारण किसी मरीज को अस्पताल छोड़कर आना बता रहा था। एडीएम सिटी संजय कुमार का कहना है कि पुलिस रिपोर्ट आने के बाद एंबुलेंस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खास बात यह है कि इस मॉकड्रिल में यातायात पुलिस को सूचना दी गई कि सेलिब्रेशन मॉल में आगजनी में गंभीर घायलों को एमबी अस्पताल पहुंचाया जा रहा हैं। यातायात पुलिस डिप्टी सुधा पालावत ने बताया कि सूचना मिलते ही मॉल से लेकर एमबी के मुख्यद्वार तक ट्रैफिक रुकवाकर एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली रखवा दिया इससे एंबुलेंस 6 मिनट में अस्पताल पहुंच गई। गंभीर हादसों में घायलों की देरी से अस्पताल पहुंचने की वजह से मौत हो जाती हैं। इस दौरान डिप्टी राजीव जोशी, सुखेर थाना सीआई और आईपीएस रंजिता शर्मा, सीआई डीपी दाधीच, प्रतापनगर सीआई विवेक सिंह आदि मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सेलिब्रेशन मॉल में मॉकड्रिल
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top