(शिवांग चतुर्वेदी). जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कोरोना काल में हवाई सेवा धीरे-धीरे गति पकड़ने लगी है। दिवाली से लगातार फ्लाइट्स में यात्रीभार में उछाल दिख रहा है। इसी को देखते हुए अब एयरलाइंस हवाई सेवाओं की संख्या में भी बढ़ोतरी कर रही हैं। जयपुर एयरपोर्ट से वर्तमान में रोजाना 12 शहरों के लिए औसतन 32 फ्लाइट्स का संचालन हो रहा है। अब अगले सप्ताह से आधा दर्जन नई फ्लाइट शुरू होंगी।
वहीं 2 फ्लाइट नए वर्ष की शुरुआत से प्रारंभ होंगी। अभी जयपुर से दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलूरु, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद, सूरत, वाराणसी, गुवाहाटी और आगरा के लिए फ्लाइट संचालित हो रही हैं। लेकिन आने वाले दिनों में 3 नए शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होंगी। ये फ्लाइट गोवा, इंदौर और चंडीगढ़ के लिए शुरू होंगी। आपको बता दें कि इंदौर और चंडीगढ़ के लिए सितंबर माह तक फ्लाइट्स संचालित हो रही थीं। लेकिन कम यात्रीभार के चलते दोनों शहरों की फ्लाइट बंद करनी पड़ी थीं।
अब इन दोनों शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। इसके अलावा दिल्ली, बेंगलूरु और गुवाहाटी के लिए भी नई फ्लाइट्स जुड़ेंगी, जिससे हवाई यात्रियों को फ्लाइट्स के अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे। जिससे अलग-अलग समय पर यात्रा करने के विकल्प के अलावा किराए में भी कमी देखने को मिलेगी।
लगातार बढ़ रहीं फ्लाइट्स और यात्रीभार
अब सभी प्रमुख शहरों के लिए फ्लाइट्स की संख्या और यात्रीभार की स्थिति उतनी होने लगी है, जितनी लॉकडाउन से पहले हुआ करती थी। उदाहरण के तौर पर देखें तो लॉकडाउन से पहले बेंगलूरु के लिए 6 फ्लाइट संचालित होती थीं और वर्तमान में भी 6 फ्लाइट संचालित हो रही हैं। नए साल से बेंगलूरु के लिए कुल फ्लाइट्स 8 हो जाएंगी। हैदराबाद के लिए लॉकडाउन से पहले 5 फ्लाइट थीं, और अब भी 5 फ्लाइट चल रही हैं।
इसी तरह कोलकाता, मुम्बई और अहमदाबाद के लिए भी लगभग समकक्ष फ्लाइट चल रही हैं। हालांकि मुम्बई, दिल्ली और पुणे के लिए फ्लाइट्स की संख्या पहले के अपेक्षाकृत अभी कम है। दरअसल तीनों ही शहरों में कोरोना के केसेज अधिक हैं, इस वजह से इन शहरों के लिए फ्लाइट उतनी नहीं बढ़ पा रही हैं। विमानन विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले महीनों में जयपुर से देहरादून, जैसलमेर, उदयपुर, भोपाल, अमृतसर, लखनऊ आदि शहराें के लिए भी फ्लाइट शुरू होने की संभावना रहेगी।
ये नई फ्लाइट्स होंगी शुरू
- गोवा के लिए 16 दिसंबर से फ्लाइट 6ई-903 शुरू होगी, शाम 6:45 बजे गोवा जाएगी
- गुवाहाटी के लिए 16 दिसंबर से फ्लाइट 6ई-6182 शुरू होगी, सुबह 8 बजे रवाना होगी
- इंदौर के लिए 16 दिसंबर से फ्लाइट 6ई-7252 शुरू होगी, दोपहर 1:05 बजे इंदौर जाएगी
- दिल्ली के लिए 16 दिसंबर से फ्लाइट 6ई-2145 शुरू होगी, जयपुर से शाम 8 बजे जाएगी
- चंडीगढ़ के लिए 18 दिसंबर से फ्लाइट 6ई-652 शुरू होगी, दोपहर 2:25 बजे चंडीगढ़ जाएगी
- 1 जनवरी से बेंगलूरु के लिए एयर एशिया फ्लाइट आई5-1721 सुबह 9:15 बजे जाएगी
- 1 जनवरी से बेंगलूरु के लिए एयर एशिया फ्लाइट आई5-1729 शाम 7:45 बजे जाएगी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें