ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने के बाद से भारत सहित कई देशों ने यूनाइटेड किंग्डम (यूके) से आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर बीते मंगलवार देर रात 12 बजे से 31 दिसंबर तक रोक लगा दी है। इसे देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी कर दिया है। एयरपोर्ट निदेशक जेएस बलहारा और सीआईएसएफ कमांडेन्ट वाईपी सिंह ने बताया कि डीजीसीए के निर्देशों के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर भी आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जा रहा है।

पिछले एक माह में जिन भी लोगों ने ब्रिटेन की यात्रा की है, और वह किसी भी कनेक्टिंग फ्लाइट या किसी भी शहर में स्टे करने के बाद हवाई मार्ग से जयपुर आ रहे हैं, तो उन यात्रियों का जयपुर एयरपोर्ट पर आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जा रहा है। हालांकि ब्रिटेन या यूरोप से जयपुर के लिए कोई सीधी फ्लाइट नहीं है। लेकिन दुबई, शारजाह से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। तो वहीं जो यात्री दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद होकर जयपुर आ रहे हैं, उनके डिक्लेरेशन के आधार पर जांच की जा रही है।

इसी के साथ रैंडम कोरोना जांच भी की जा रही है। साथ ही विदेशों से आए सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी हो रही है। एयरलाइंस को भी निर्देशित कर दिया गया है कि मंगलवार देर रात 12 बजे बाद किसी भी कनेक्टिंग फ्लाइट के माध्यम से ब्रिटेन से भारत आने वाले यात्रियों को फ्लाइट्स में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। तो वहीं ब्रिटेन से आने वाली किसी भी फ्लाइट को भारत के किसी भी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं करने दिया जाएगा। जयपुर सहित देश के अन्य एयरपोर्ट्स से यूके के लिए संचालित होने वाली कार्गो फ्लाइट्स के संचालन पर असर नहीं पड़ेगा।

एयरलाइंस अथॉरिटी से साझा नहीं करती यात्रियों से जुड़ी जानकारी
यूके की फ्लाइट्स पर रोक के बाद एक नई जानकारी सामने आई है। दरअसल भास्कर ने जब एयरपोर्ट अथॉरिटी से जानकारी मांगी की क्या एयरलाइंस द्वारा पिछले दो- तीन दिन में यूके से किसी कनेक्टिंग फ्लाइट में यात्रियों को जयपुर लाया गया है, तो उनका कहना था कि एयरलाइंस यात्रियों से जुड़ी जानकारी अथॉरटी को नहीं देती हैं।

बल्कि सीधे राज्य सरकार को यात्रियों की सूची भेज देती हैं। हालांकि उनका कहना था कि पिछले 10 दिन में किसी भी कनेक्टिंग फ्लाइट से कोई यात्री यूके से जयपुर नहीं आया है। लेकिन ऐसे में सवाल उठता है कि जब एयरपोर्ट ऑपरेशन और मैनेजमेंट से जुड़े निर्णय अथॉरटी ही लेती है, तो उसके साथ यह सूची साझा क्यूं नहीं की जाती ? हालांकि अथॉरिटी ने भी कभी एयरलाइंस से इस तरह की जानकारी लेने में रुचि नहीं दिखाई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top