(शिवांग चतुर्वेदी). कोरोना काल की वजह से इस बार पर्यटन सीजन लगभग ठप रहा। लेकिन इसके बावजूद क्रिसमस और नववर्ष को सेलिब्रेट करने के लिए जयपुरवासी पर्यटन शहरों के लिए रुख कर रहे हैं। सबसे ज्यादा डिमांड गोवा के लिए है। गोवा के लिए जब फ्लाइट शुरू हुई थी तो किराया 5300 रुपए था, लेकिन क्रिसमस से नववर्ष तक गोवा की फ्लाइट में किराया 10 हजार तक जा पहुंचा है।
आगामी दिनों में फ्लाइट में बुकिंग बढ़ने पर किराया और भी ज्यादा बढ़ सकता है। बड़ी संख्या में शहरवासी गोवा में जाकर नववर्ष सेलिब्रेट करेंगे। दरअसल गोवा के लिए 16 दिसंबर से ही फ्लाइट शुरू हुई है। यह एकमात्र फ्लाइट भी सप्ताह में महज 4 दिन संचालित हो रही है। ऐसे में फ्लाइट फुल चल रही है। वहीं दूसरी तरफ इन दिनों दिल्ली के लिए भी हवाई किराया बढ़ गया है।
दिल्ली के लिए जयपुर से रोजाना 5 फ्लाइट संचालित होती हैं, इसके बावजूद न्यूनतम किराया 3400 रुपए लग रहा है। जबकि आम दिनों में एक दिन पहले भी दिल्ली के लिए टिकट बुक करने पर हवाई किराया 2200 से 2500 रुपए रहता है। नववर्ष पर जयपुर से बड़ी संख्या में लोग जैसलमेर का रुख करते हैं, लेकिन इस बार सीधी फ्लाइट नहीं होने से अहमदाबाद होकर जाना पड़ रहा है।
दिल्ली के लिए पांच फ्लाइट्स सभी में किराया एक जैसा
जयपुर से दिल्ली के लिए पांच फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। बावजूद इसके सभी एयरलाइंस ने किसान आंदोलन के चलते सड़क मार्ग बंद होने का फायदा उठाते हुए सभी फ्लाइट्स का एक समान किराया कर दिया है। अभी जयपुर से दिल्ली के लिए सभी फ्लाइट्स में न्यूनतम किराया 3384 रुपए लग रहा है। एयरलाइंस ने 21 से 31 दिसंबर तक के लिए दिल्ली का किराया बढ़ा दिया है। तो वहीं न्यू ईयर सेलिब्रेशन के चलते गोवा के लिए भी 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हवाई किराया बढ़ गया है।
अलग-अलग दिन 6899 से लेकर 10734 रु. तक किराया लग रहा है। तो वहीं जैसलमेर के लिए सीधी फ्लाइट नहीं होने के कारण यात्रियों को अहमदाबाद होकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में जैसलमेर के लिए 6670 से 7762 रु. किराया लग रहा है। इसी प्रकार उदयपुर के लिए भी सीधी फ्लाइट नहीं होने से दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ रहा है। जिसके चलते उदयपुर के लिए किराया 6062 से 7742 पहुंच गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें