कोटा-झालावाड़ फोरलेन पर कसार व केबलनगर के बीच मंगलवार दोपहर चलती बाइक में आग लग गई और बाइक सवार युवक और महिला माैके से चले गए। लोगों का कहना है कि बाइक को ट्रक ने टक्कर मारी और उसके बाद बाइक को ट्रक 10 फीट दूर तक सड़क पर रगड़ता हुआ ले गया, जिससे बाइक में आग लग गई। जबकि पुलिस का कहना है कि एक्सीडेंट में आग लगने की घटना समझ से परे है। पुलिस का कहना है कि बाइक में आग जानबूझकर लगाई गई है। वहीं, बाइक मालिक या चालक भी पुलिस के सामने नहीं आने से संशय बना है। पुलिस को किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है।
सवाल: ट्रक की टक्कर से बाइक जली तो शिकायत क्यों नहीं दी
अनंतपुरा सीआई देवेश भारद्वाज का कहना है कि प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होता है। अव्वल तो ट्रक द्वारा टक्कर मारने पर भी बाइक सवार दोनों के खरोंच तक नहीं आई। दूसरा वो बच गए और बाइक जल गई। यह दोनों चीजें विपरीत हैं और असामान्य हैं। तीसरा अगर ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी और उनका इतना बड़ा नुकसान हुआ तो उन्होंने पुलिस को अब तक रिपोर्ट क्यों नहीं दी? पुलिस को ग्रामीणों से जानकारी मिली थी।
संदेह: बाइक सवार का ट्रक लूटने वालों से संबंध ताे नहीं
पुलिस और ग्रामीणों का कहना है कि हाइवे पर ट्रकों से लूट करने की वारदातें होती हैं। ऐसे में संदेह जताया जा रहा है कि कहीं इस मामले में बाइक सवार के तार इस गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं, क्योंकि इसलिए वह अभी तक सामने नहीं आया है। उक्त मामले में दूसरी बात यह भी सामने आई है कि घटना के पहले मंडाना टोल प्लाजा पर ट्रक चालक से एक महिला व युवक की कहासुनी हुई थी। यह कहासुनी किस बात को लेकर हुई? यह भी जांच का विषय है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें